Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 27 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
भाई पर भाई की हत्या का आरोप, एसएसपी कार्यालय पहुंची पत्नी

मथुरा में एक मौत को लेकर परिजनों और पुलिस के दावों में बड़ा अंतर सामने आया है। मृतक के परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजन सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ अपनी सुरक्षा की मांग की। 

बिलख-बिलखकर रोती दिखाई दे रही यह महिला चित्रा चतुर्वेदी हैं, जो थाना कोतवाली क्षेत्र के चौबच्चा मोहल्ला, पापड़ वाली गली की निवासी हैं। चित्रा चतुर्वेदी का आरोप है कि उनके पति अशोक चतुर्वेदी की हत्या उनके बड़े भाई रंगनाथ ने की।

परिजनों के मुताबिक, 22 जुलाई को घर की छत पर निर्माण कार्य को लेकर विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि विवाद से बचने के लिए अशोक चतुर्वेदी अपनी विश्राम घाट स्थित दुकान पर चले गए, लेकिन वहां भी उनके बड़े भाई पहुंचे और हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने पहले मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का कहना है कि शुरुआत में मौत को हार्ट अटैक और छत से गिरने का मामला बताया गया तथा एफआईआर दर्ज करने में भी देरी की गई। उनका दावा है कि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही मुकदमा दर्ज किया गया।

परिजनों का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद नामजद आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। इसी मांग को लेकर चित्रा चतुर्वेदी अपनी बेटी स्वाति चतुर्वेदी और अन्य परिजनों के साथ सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और सीओ सिटी आशना चौधरी को ज्ञापन सौंपकर अपनी बात रखी।

Previous News

पुणे में मानसून का कहर, सड़क धंसने से हाईवे बंद, वैकल्पिक मार्ग जारी

Next News

मुड़िया पूर्णिमा में उमड़ा आस्था का महासागर, श्रद्धालुओं से खचाखच भरा मथुरा जंक्शन