राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के टीहली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि तेज रफ्तार से थार चला रहे युवकों को जब ग्रामीणों ने धीरे वाहन चलाने के लिए टोका, तो विवाद के बाद उन्होंने कथित तौर पर गुस्से में लोगों पर थार चढ़ा दी। इस घटना में मोहरली देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी थार लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतका के परिजनों का कहना है कि यह महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया हमला है।
पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी थार घटनास्थल से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।