Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 26 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मुड़िया पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर शुरू, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने किया उद्घाटन

गोवर्धन में चल रहे मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जीएम पैरामेडिकल कॉलेज द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने किया। इस अवसर पर गोवर्धन एसडीएम सुशील कुमार सिंह और चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार भी मौजूद रहे।

गोवर्धन के राधाकुंड परिक्रमा मार्ग स्थित नूतन की बगीची में जीएम पैरामेडिकल कॉलेज द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। शनिवार शाम उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, गोवर्धन एसडीएम सुशील कुमार सिंह तथा नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया।

इस मौके पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि मुड़िया पूर्णिमा मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने आते हैं। ऐसे में उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जीएम पैरामेडिकल कॉलेज का यह स्वास्थ्य शिविर श्रद्धालुओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा।

शिविर में परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाएं और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम 24 घंटे तैनात रहेगी। थकान, चोट, डिहाइड्रेशन और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं का तत्काल उपचार भी यहीं किया जाएगा।

वहीं गोवर्धन नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उद्घाटन समारोह में कॉलेज के डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 
 
Previous News

मथुरा जंक्शन पर गूंजी नवजात की किलकारी, प्लेटफॉर्म पर महिला ने दिया बच्ची को जन्म

Next News

15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से 6 साल के मासूम की मौत, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पर लापरवाही के आरोप