राजस्थान के कोटा में मानसून के दौरान दो अलग-अलग घरों में सांप निकलने से हड़कंप मच गया। एक घर की रसोई में जहरीला ब्लैक कोबरा छिपा मिला, जबकि दूसरे घर के आंगन में करीब 8 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। दोनों मामलों में समय रहते स्नेक कैचर ने पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू किया और सांपों को जंगल में छोड़ दिया।
पहली घटना नयागांव रोजड़ी इलाके की है, जहां फूल सिंह कुशवाहा के घर देर रात करीब साढ़े चार फीट लंबा ब्लैक कोबरा घुस आया। परिवार के लोगों ने सांप को देखकर खुद को सुरक्षित किया, लेकिन कोबरा रसोई में गैस चूल्हे के पास रखे रोटी के चकले के पीछे जाकर छिप गया। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक कोबरा का रेस्क्यू किया। बाद में वन विभाग की सूचना पर उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
दूसरी घटना दादाबाड़ी विस्तार योजना क्षेत्र की है। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो घर के आंगन में करीब 8 फीट लंबा अजगर घूमता दिखाई दिया। अजगर को देखकर परिवार के पांचों सदस्य घर से बाहर निकल गए। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर ने मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित पकड़ा और लाडपुरा के जंगल में छोड़ दिया। इस कार्रवाई की जानकारी भी वन विभाग को दी गई।
स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि बारिश के मौसम में बिलों में पानी भर जाने के कारण सांप और अन्य वन्यजीव सुरक्षित ठिकाने की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं, उसे मारने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें। साथ ही घर के आसपास झाड़ियां, कबाड़ और लकड़ी का ढेर न लगने देने तथा रात में टॉर्च का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है।