Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 22 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, छाता विधानसभा के बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को मिला जीत का मंत्र

कोसीकलां (मथुरा)। वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में छाता विधानसभा का विशाल बूथ अध्यक्ष सम्मेलन राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पृथ्वी पैलेस में आयोजित किया गया। सम्मेलन में सैकड़ों बूथ अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, मुख्य अतिथि आगरा महानगर अध्यक्ष शिव शंकर शर्मा, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे, ब्लॉक प्रमुख शोभाराम शर्मा, मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मुदिता शर्मा एवं मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि भाजपा सरकार ने छाता विधानसभा क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य कराए हैं। उन्होंने बताया कि पहले क्षेत्र में केवल आठ विद्युत उपकेंद्र थे, जबकि अब उनकी संख्या बढ़कर 18 से अधिक हो गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि शिव शंकर शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन बूथ स्तर तक लगातार मजबूत हो रहा है और जनसेवा भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने बताया कि छाता विधानसभा में करीब 416 बूथ हैं। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को बूथ कार्यकारिणी का गठन, पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता से जुटने का आह्वान किया।

ब्लॉक प्रमुख शोभाराम शर्मा ने कहा कि भाजपा के बढ़ते जनाधार और मजबूत संगठन से विपक्षी दल परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में बूथ कार्यकर्ता का विशेष सम्मान है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बूथ स्तर से राष्ट्रीय नेतृत्व तक का सफर कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है।

सम्मेलन में हेमराज, कोसीकलां, नंदगांव, चौमुहा और छाता मंडल के बूथ अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, वीरेंद्र कटारा, प्रेम सिंह, विनय उपाध्याय, विजय शर्मा, पवन शर्मा, विवेक चौधरी, दीपक बड़गूजर, भगत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Previous News

500 खातों में खपाई गई ठगी की रकम मथुरा पुलिस खंगाल रही साइबर क्राइम का राउंडिंग गेम

Next News

पत्नी का शव संदूक में छिपाकर 4 दिन तक घर में रहा पति, बदबू आने पर खुला खौफनाक राज