मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र के एफ सेक्टर में मंगलवार देर रात करंट की चपेट में आने से एक गौमाता की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से खुले और करंट प्रवाहित करने वाले बिजली के तारों की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की जा रही थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसी लापरवाही का खामियाजा एक बेजुबान गौमाता को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के जेई और एक्सईएन के खिलाफ थाना गोविंद नगर में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। उनका आरोप है कि पिछले एक महीने में करंट की चपेट में आने से इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन बिजली विभाग ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
प्रदर्शनकारियों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में जर्जर एवं खुले बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कर लोगों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।