मथुरा। लगातार हो रही बारिश के चलते थाना राया क्षेत्र के जोगपुरा में बुधवार तड़के एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान के अंदर रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया, जबकि नई मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, गयरा चौकी के समीप जोगपुरा निवासी पूरन सिंह अपने परिवार के साथ मकान में रहते हैं। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारों और छत में सीलन आ गई थी। बुधवार तड़के अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिससे घर में रखा खाने-पीने का सामान, घरेलू सामान और नई मोटरसाइकिल मलबे में दब गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
पीड़ित पूरन सिंह ने बताया कि हादसे में उनका काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है।
बारिश के मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों ने भी जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रशासन से समय रहते आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।