मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र से एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर घर छोड़कर एक अन्य युवक के साथ जाने और बिना कानूनी तलाक लिए दूसरा निकाह करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गोविंद नगर थाना क्षेत्र की राधेश्याम कॉलोनी निवासी राजू अब्बासी का आरोप है कि उनका निकाह वर्ष 2012 में उजमा से हुआ था और दोनों का एक 10 वर्षीय बेटा भी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 2 जुलाई को उनकी पत्नी पड़ोस में रहने वाले सलमान अब्बासी के साथ घर छोड़कर चली गई। उनका दावा है कि पुलिस ने 17 जुलाई को दोनों को बरामद किया, लेकिन बाद में छोड़ दिया।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद बिना कानूनी तलाक की प्रक्रिया पूरी किए दोनों ने निकाह कर लिया। उनका यह भी कहना है कि 18 जुलाई को जब वह पत्नी को वापस लाने के लिए कॉलोनी के लोगों के साथ गए, तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
इन आरोपों के बाद पीड़ित अपने परिवार की महिलाओं के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।