जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश कहर बनकर टूट रही है। पुंछ जिले में हुए दर्दनाक भूस्खलन में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें मकान पर आ गिरीं, जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया।यह हादसा जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मंडी क्षेत्र में हुआ, जहां लगातार बारिश के कारण अचानक भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से आए मलबे ने एक कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहत एवं बचाव दल ने कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी शव मलबे से बाहर निकाले।
लगातार हो रही बारिश से पुंछ, राजौरी और डोडा समेत जम्मू संभाग के कई इलाके प्रभावित हैं। जगह-जगह भूस्खलन, मकानों के ढहने और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।