ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा प्रेस की स्वतंत्रता और उसकी जवाबदेही को लेकर की गई टिप्पणी के बाद क्लब ने 25 जुलाई से विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रेस की स्वतंत्रता अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन उसका दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार आज मोबाइल और माइक्रोफोन लेकर कई लोग स्वयं को पत्रकार बताने लगते हैं, जबकि उनके पास न पत्रकारिता का प्रशिक्षण होता है और न ही सामाजिक जवाबदेही।
डॉ. उपमन्यु ने स्पष्ट किया कि यह अभियान वास्तविक पत्रकारों के खिलाफ नहीं, बल्कि पत्रकारिता की आड़ में गलत गतिविधियां करने वाले फर्जी पत्रकारों तथा अवैध रूप से 'प्रेस' लिखे वाहनों के खिलाफ होगा।
उन्होंने बताया कि जुलाई के अंतिम सप्ताह से ब्रज क्षेत्र के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के सहयोग से यह अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर संयुक्त कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
ब्रज प्रेस क्लब ने प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े सभी पत्रकारों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। क्लब का कहना है कि यह किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि पत्रकारिता की साख, समाज के विश्वास और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा को बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जाने वाला जन-जागरूकता अभियान होगा।