मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा धौलीप्याऊ क्षेत्र में शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम और प्रवर्तन टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नालों के ऊपर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।
नगर निगम के अनुसार धौलीप्याऊ क्षेत्र से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नालों पर अतिक्रमण के कारण उनमें सिल्ट और कचरा जमा हो रहा है। इससे नियमित सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था और बरसात के मौसम में जल निकासी बाधित होने के साथ जलभराव की आशंका बनी हुई थी।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अभियान चलाकर नालों को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा सार्वजनिक नालों और स्थानों पर कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर के नालों को अतिक्रमण मुक्त कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां से शिकायतें प्राप्त होंगी, वहां इसी प्रकार अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें तथा स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित मथुरा के निर्माण में प्रशासन का सहयोग करें।