मथुरा। जनपद के मगोर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर चैनपुर में धान की रोपाई को लेकर हुए विवाद के दौरान कथित तौर पर फायरिंग होने से एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई की रात करीब 8:00 से 8:30 बजे के बीच महेश और राजू के बीच धान की रोपाई को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान विकास नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और महेश को धक्का दे दिया।
बताया गया कि महेश ने इस घटना की जानकारी अपनी पत्नी सरोज और गोपाल को दी। दोनों मौके पर पहुंचे, जहां विवाद बढ़ने पर विकास ने कथित तौर पर फायर कर दिया। इस घटना में सरोज और गोपाल घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गांव में पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई गई। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई कि विकास द्वारा सरोज पर फायर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बताया कि सरोज के चेहरे पर मौजूद लाल निशान गनपाउडर के प्रभाव के प्रतीत होते हैं।
फिलहाल मामले में अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।