हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बस के परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।
यह हादसा रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के पास बुधवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 22 यात्री सवार थे। अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी और 72 वर्षीय डाकू राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को रामपुर के महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और राहत नियमों के तहत तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।