मध्य प्रदेश के धार में शराब कारोबारी के घर पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनका ढोल-ताशों के साथ शहर में पैदल जुलूस निकाला। इस कार्रवाई का मकसद अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना बताया गया।
धार के कैलाश नगर इलाके में शराब व्यवसायी विकास सिंह ठाकुर के घर पर हुए हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहनों को भी जब्त किया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का ढोल-ताशों के साथ शहर की सड़कों पर पैदल जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान आरोपियों से माइक पर यह कहलवाया गया कि "अपराध करना पाप है।" पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है।
इतना ही नहीं, पुलिस ने फरार आरोपियों के घरों के बाहर भी ताशे बजवाकर उन्हें जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई की पूरे शहर में चर्चा है। पुलिस ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि 11 जुलाई की रात 6-7 बदमाशों ने शराब कारोबारी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की थी और घर के साथ खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया था।