मथुरा जनपद के कोसीकलां की होनहार बेटी माधुरी सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक यानी यूपी एसआई भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है। माधुरी ने पूरे प्रदेश में महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि ऑल ओवर मेरिट सूची में पांचवीं रैंक हासिल कर एक नया इतिहास रच दिया है।
कोसीकलां के समीप स्थित शेरनगर गांव की रहने वाली माधुरी सिंह की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी मेहनत, लगन और समर्पण ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता पर पिता रामबाबू सरपंच और माता सुनीता देवी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि माधुरी ने वर्षों की कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है और आज पूरा परिवार खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
माधुरी के गांव शेरनगर और कोसीकलां में उनकी सफलता का जश्न देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाइयां बांटकर लोगों ने अपनी खुशी का इजहार किया। हर ओर बेटी की इस उपलब्धि की चर्चा रही और लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।
नगर पालिका परिषद के सभासद मनीष जैन तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कोसी जिला की ओर से भी माधुरी सिंह और उनके परिवार को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। वक्ताओं ने कहा कि माधुरी की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला देगी।
माधुरी सिंह की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे मथुरा जनपद के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बेटियां अवसर मिलने पर हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।