मथुरा में किसानों के हितों को लेकर एक नए संगठनात्मक अध्याय की शुरुआत हुई। बुधवार को होली गेट स्थित भारतीय किसान क्रांति यूनियन के महानगर कार्यालय में संगठन गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
समारोह में भारतीय किसान क्रांति यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पहले से कार्यरत भारतीय किसान यूनियन (सुनील) की कार्यकारिणी को भंग कर उसके पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारतीय किसान क्रांति यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेताओं का माल्यार्पण और साफा पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि मिश्रा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं का समाधान कर उनके अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा और उनकी हर समस्या के समाधान के लिए संगठन मजबूती के साथ संघर्ष करेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों के हितों की रक्षा तथा संगठन को मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।