Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 15 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में नशा तस्कर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.42 करोड़ की संपत्ति अधिग्रहित, बोलेरो-ज़मीन और बाइक जब्त

मथुरा पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की करीब 1 करोड़ 42 लाख 55 हजार 821 रुपये की चल और अचल संपत्ति अधिग्रहित कर ली है। यह कार्रवाई थाना महावन पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(2) के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पुष्पेन्द्र पुत्र नेकसेराम, निवासी ग्राम पचावर, थाना महावन, गांजा तस्करी के मामले में वांछित है। उसके खिलाफ थाना महावन में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे के आधार पर सक्षम प्राधिकारी के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री से अर्जित धन से चल और अचल संपत्तियां खरीदी थीं। इसी के तहत पुलिस ने आरोपी के नाम दर्ज महिंद्रा बोलेरो, उसके भाई के नाम दर्ज हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा उसकी मां के नाम ग्राम पचावर में स्थित 278.70 वर्ग मीटर आवासीय भूमि को अधिग्रहित कर लिया। इन सभी संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 42 लाख 55 हजार 821 रुपये बताई गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्तियों पर अधिग्रहण संबंधी बोर्ड लगाए, नियमानुसार मुनादी कराई और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम, विद्युत अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर कानूनी शिकंजा कसना और अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करना है।

मथुरा पुलिस का कहना है कि 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को कानून के तहत जब्त करने की कार्रवाई जारी रहेगी।

Previous News

'ऑपरेशन प्रहार' के तहत जैंत पुलिस की कार्रवाई, 20 पाउच अवैध देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

Next News

पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, पति की हथौड़ी से हत्या