पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के रावलाकोट में चल रहे जनआंदोलन के बीच संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के नेता सरदार अमान खान ने पाकिस्तान के आधिकारिक रुख को चुनौती देते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि "PoK न तो आज़ाद है और न ही विवादित क्षेत्र, बल्कि यह पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला इलाका है।" उनके इस बयान का जनसभा में मौजूद हजारों लोगों ने तालियों और नारों के साथ समर्थन किया।
अमान खान ने कहा कि दशकों से इस क्षेत्र के लोगों के अधिकारों का हनन हुआ है और अब जनता अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए सड़कों पर उतर चुकी है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार और सेना पर स्थानीय लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कहा कि अब लोग अपने भविष्य का फैसला खुद करना चाहते हैं।
इस बीच PoK के कई इलाकों में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं। हाल के दिनों में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई झड़पों में कई लोगों की मौत हो चुकी है और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। आंदोलनकारी राजनीतिक अधिकारों, बेहतर प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधित्व की मांग कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तान ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।