Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 15 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
पैसों के लेनदेन पर खूनी तांडव! बुलंदशहर में दो पक्षों के बीच अंधाधुंध फायरिंग, दो की मौत, दो घायल, एडीजी-डीआईजी मौके पर

सिकंदराबाद के निजामपुर गांव में दर्जनभर से अधिक राउंड फायरिंग, एडीजी-डीआईजी समेत आला अधिकारी मौके पर, भारी पुलिस बल तैनात

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दर्जनभर से अधिक राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

इस गोलीबारी में अजब सिंह और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डबल मर्डर की सूचना मिलते ही एसएसपी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी मेरठ ज़ोन भानु भास्कर और डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।

फिलहाल पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और फायरिंग में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Previous News

अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मर्चेंट नेवी के जवान की दर्दनाक मौत, छुट्टी पर घर आया था राहुल

Next News

खुर्जा देहात में हत्या का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, जान मोहम्मद हत्याकांड का खुलासा