मथुरा-वृंदावन नगर निगम एवं प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'क्लाइमेट पे चर्चा 2.0' में ब्रज क्षेत्र के 11 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने संसदीय शैली में पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त पर्यटन और कचरा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने सुझाव रखे। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों और विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
नगर निगम मथुरा-वृंदावन और प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'क्लाइमेट पे चर्चा 2.0' में ब्रज क्षेत्र के 11 विद्यालयों के इको क्लबों के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी और नवाचारपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का आयोजन संसदीय शैली में किया गया, जिससे विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ अपनी बात रखने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के पहले चरण में 'क्लाइमेट पे चर्चा 1.0' के तहत दिए गए कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें आर्मी पब्लिक स्कूल ने प्रथम, रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल ने द्वितीय तथा कान्हा माखन मिलेनियम स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दूसरे चरण में Reduce, Reuse, Recycle (RRR) विषय पर विद्यार्थियों ने अपने अभिनव विचार प्रस्तुत किए। इस श्रेणी में बिरला स्कूल की सान्वी, माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल की वैष्णवी और संस्कार पब्लिक स्कूल की रिया को ग्रीन इनोवेटर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
वहीं तीसरे चरण में प्लास्टिक मुक्त पर्यटन और इको-टूरिज्म विषय पर आयोजित चर्चा में माउंट हिल स्कॉलर्स स्कूल की अवनी, रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल की ज्योति और जायपुरिया स्कूल की अनामिका को इको लीडरशिप अवॉर्ड प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त ओजस्वी राज, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, प्रोजेक्ट मथुरा के संस्थापक सीए विपुल अग्रवाल और स्वच्छता विशेषज्ञ ऋषभ दुबे ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि छात्र-छात्राएं पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं।