Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 13 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
उधारी के रुपये मांगने गए व्यक्ति की मौत पर बवाल, परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इंकार

आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र स्थित भगवती बाग में उधारी के रुपये मांगने गए एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। परिजनों का आरोप है कि कुछ समाचार पत्रों में मृतक के लिए "बीसी संचालक" शब्द का प्रयोग किया गया, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

सोमवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि कई घंटे चली वार्ता के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी और उनकी अन्य मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाएगा, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने आरोपियों के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग उठाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी और एक अन्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बावजूद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है।

Previous News

कंकाली मंदिर पर सजा 'कुआं वाली जात' का मेला, सुख-समृद्धि की कामना को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Next News

दिल्ली कोचिंग हादसा: CBI की क्लोजर रिपोर्ट, वरिष्ठ अधिकारियों को क्लीन चिट, 3 अफसरों पर लापरवाही का आरोप