गाजियाबाद पुलिस ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। वैशाली क्षेत्र में एक साथ तीन स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर पुलिस ने 23 युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि स्पा संचालक समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कौशांबी थाना पुलिस ने वैशाली सेक्टर-4 स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में संचालित मून लोटस स्पा, रॉयल स्पा और पीओर स्पा पर एक साथ छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। मौके से आपत्तिजनक और अवैध सामग्री भी बरामद की गई है। शुरुआती जांच में पता चला कि स्पा सेंटर बेहद गोपनीय तरीके से संचालित किए जा रहे थे और बाहर कोई बोर्ड नहीं लगाया गया था। प्रवेश द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए आने-जाने वालों पर नजर रखी जाती थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि यह कार्रवाई केवल शुरुआती कदम है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा यह अवैध कारोबार कब से संचालित किया जा रहा था।