मथुरा के थाना राया क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गंग नहर के पास कासगंज-मथुरा रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही थाना राया पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। हालांकि पुलिस दुर्घटना सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और अन्य माध्यमों से प्रयास तेज कर दिए गए हैं, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। यदि कोई व्यक्ति मृतक के बारे में जानकारी रखता है, तो वह पुलिस को सूचना दे सकता है।