उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खुर्जा क्षेत्र के मुंडाखेड़ा गांव में मस्जिद की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के सहारे टैंट लगाकर रह रहा एक परिवार इसकी चपेट में आ गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही सीओ, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जर्जर इमारतों और दीवारों से दूर रहने की अपील की है।