Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 08 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में फिर सक्रिय हुआ जहरखुरानी गैंग! सुलभ शौचालय संचालक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट

मथुरा। जनपद में जहरखुरानी गिरोह एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। ताजा मामला थाना रिफाइनरी क्षेत्र के टाउनशिप तिराहा स्थित इंटरनेशनल सुलभ शौचालय का है, जहां बुधवार तड़के सुलभ शौचालय संचालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया और उसके पास रखी नकदी लूटकर बदमाश फरार हो गए।

घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह ड्यूटी पर पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने शौचालय संचालक को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना शौचालय के एरिया मैनेजर को दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घायल कर्मचारी को तत्काल जिला अस्पताल, मथुरा में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सुलभ शौचालय इंचार्ज कार्तिक प्रताप ने बताया कि 40 वर्षीय शैलेंद्र पुत्र लाल बहादुर, निवासी वैशाली बिहार, पिछले छह माह से टाउनशिप स्थित इंटरनेशनल सुलभ शौचालय में तैनात हैं। आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और उनके पास रखी नकदी लेकर फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले थाना कोतवाली क्षेत्र के विकास बाजार स्थित सुलभ शौचालय पर भी इसी तरह की जहरखुरानी और लूट की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर मथुरा शहर में जहरखुरानी की घटनाएं लगातार क्यों बढ़ रही हैं? यदि एक जैसी वारदातें बार-बार हो रही हैं, तो ऐसे गिरोहों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी? स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर गिरोह का जल्द खुलासा करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Previous News

दिल्ली में बारिश बनी आफत, रोहिणी में भरभराकर गिरी इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

Next News

ब्रेकिंग न्यूज़: दीवार में उतरे करंट से छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु की मौत, वृंदावन में दर्दनाक हादसा