Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 08 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
भूतेश्वर पुल के नीचे जलभराव, ऊपर रेलवे का निर्माण... बीच में झुका बिजली का पोल, क्या प्रशासन बड़ी दुर्घटना का कर रहा इंतजार?

मथुरा। शहर के भूतेश्वर रेलवे पुल के नीचे एक बार फिर भारी जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लेकिन चिंता की सबसे बड़ी वजह सिर्फ पानी नहीं, बल्कि भरे पानी के बीच खतरनाक तरीके से झुका हुआ बिजली का पोल भी है, जो किसी बड़े हादसे को खुला न्योता देता नजर आ रहा है।

एक ओर पुल के ऊपर रेलवे की नई लाइन बिछाने का निर्माण कार्य जारी है, तो दूसरी ओर नीचे सड़क पर कई फीट तक पानी भरा हुआ है। इसी जलभराव के बीच बिजली का झुका पोल और लटकते तार राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। यदि पोल में करंट उतर गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बरसात में भूतेश्वर पुल के नीचे यही हालात बन जाते हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बारिश के कारण जलभराव, ट्रैफिक जाम और अब झुका बिजली का पोल लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।

लोगों का आरोप है कि प्रशासन और बिजली विभाग शायद किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं। समय रहते यदि पोल को सुरक्षित नहीं किया गया और जल निकासी की व्यवस्था नहीं हुई, तो किसी भी दिन जनहानि हो सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, नगर निगम, रेलवे और बिजली विभाग से तत्काल संयुक्त कार्रवाई कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा झुके हुए बिजली के पोल को तुरंत हटाकर सुरक्षित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले लोगों की जान बचाई जा सके।

Previous News

ब्रेकिंग न्यूज़: बारिश के बीच आगरा में बड़ा हादसा 4 से 5 लोग के मलबे में दबे

Next News

मथुरा पुलिस का सबसे बड़ा साइबर ऑपरेशन: 22 साइबर ठग गिरफ्तार, 58 फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल बरामद