मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
अपराध और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए जीआरपी और आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान मंगलवार को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया।
जीआरपी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-11 के आगरा छोर पर संदिग्ध गतिविधियों के चलते युवक को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार पुत्र रामानुज, निवासी फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाकर उनका सामान और मोबाइल चोरी कर फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।