मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र में पानीगांव एक्सप्रेसवे संपर्क फोरलेन बाईपास मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और जमुनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान अलीगढ़ जनपद के गोंडा क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय कोमल के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतका ने बैंगनी रंग का सूट-सलवार पहन रखा था। उसके हाथ पर 'कोमल', 'राधे-राधे' और बांसुरी का टैटू भी बना हुआ था, जिसके आधार पर पहचान सुनिश्चित की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल में जुटी है।
यह घटना क्षेत्र में हाल के दिनों में सामने आई गंभीर वारदातों में से एक मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।