मथुरा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त कार से 21.838 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना मांट पुलिस ने टोल प्लाजा चौकी परिसर में खड़ी एक दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 21.838 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश पुत्र नरेश कुमार, निवासी वसंत विहार, दक्षिण दिल्ली तथा जयप्रकाश पुत्र नागेश्वर चौधरी, निवासी किशनपुर मलाड, सुपौल (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार कार संख्या DL-10CS-3630 यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से नोएडा की ओर जाते समय माइल स्टोन-104 के पास किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसके बाद पुलिस कार को मांट टोल प्लाजा चौकी पर ले आई। जांच और ई-चालान प्रणाली से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।