सब्जी कारोबारियों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, दुकान पर हमला करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित मंडी समिति में शुक्रवार को पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई और एक-दूसरे पर कुर्सियां चलने लगीं। घटना से मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक एक पक्ष के तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वे मंडी समिति में सब्जी के थोक व्यापारी हैं और फुटकर दुकानदार उनसे सब्जी खरीदकर ले जाते हैं। शुक्रवार को जब उन्होंने बकाया भुगतान मांगा तो कहासुनी शुरू हो गई। पहले पुलिस बुलाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया, लेकिन कुछ देर बाद आरोप है कि दूसरा पक्ष बड़ी संख्या में वापस लौटा और दुकान पर हमला बोल दिया।
हमले में जाकिर, फैजान, जुनैद सहित कई लोग घायल हो गए। घटना के दौरान मंडी में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस पूरी घटना का VIDEO सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।