आगरा शहर में सड़क किनारे लग रही अवैध सब्जी मंडियों के खिलाफ नगर निगम ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। बसई के पास 100 फूटा रोड और पर्यटन थाना रोड पर लंबे समय से सड़क पर अवैध रूप से लग रही सब्जी मंडियों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सड़क पर बने अस्थायी ढांचों, ठेलों तथा अन्य अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर की मदद से सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
अभियान के दौरान थाना ताजगंज पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की प्रमुख सड़कों पर अवैध अतिक्रमण और सड़क किनारे मंडी लगाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।