मध्य प्रदेश के गुना जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र स्थित मुडरा गांव के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग बिजनी गांव के निवासी हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।