उत्तर प्रदेश के जालौन में तैनात आईएएस अधिकारी एवं एसडीएम रिंकू सिंह राही और भाजपा के ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के बीच हुए विवाद का मामला तूल पकड़ गया है। दोनों के बीच कथित धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारने की कोशिश का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि 23 जून को एसडीएम रिंकू सिंह राही एक कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण पर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एसडीएम ने ब्लॉक प्रमुख को थप्पड़ मारने का प्रयास किया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
ब्लॉक प्रमुख ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है और सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, आईएएस रिंकू सिंह राही ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं मिली थीं। उनका दावा है कि जांच को प्रभावित करने और दबाव बनाने के उद्देश्य से उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कही है।