मथुरा में महान संत, समाज सुधारक और भक्तिकाल के अमर कवि कबीर दास जी की जयंती के अवसर पर ब्रज संगीत विद्यापीठ, गांधी पार्क में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दोहे, नृत्य और लघु नाटकों के माध्यम से संत कबीर के जीवन, विचारों और सामाजिक संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कबीर दास जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे निराकार ब्रह्म के उपासक, महान दार्शनिक और समाज सुधारक थे। उन्होंने अपने दोहों और रचनाओं के माध्यम से समाज में फैले अंधविश्वास, पाखंड और धार्मिक कट्टरता का विरोध किया तथा हिंदू-मुस्लिम एकता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने राम और रहीम को एक ही परमात्मा का स्वरूप बताया।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन शालिनी शर्मा ने किया। इस दौरान शिल्पी, प्रिया, रिद्धि, भावना, भूमि, भूमि वर्मा, कृष्णा और मृदुल भारद्वाज सहित कई बच्चों ने संत कबीर के जीवन पर आधारित लघु नाटक, दोहे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम को देखकर दर्शक भावविभोर हो गए और बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।
इस अवसर पर महामंत्री राजेंद्र बंसल भगतजी, मुरारी लाल अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, गंगा रानी चतुर्वेदी, मनु ऋषि, शैलेंद्र शर्मा, संजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।