Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 29 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन! यमुना एक्सप्रेसवे पर जुटे किसान, YEIDA के नाम सौंपा ज्ञापन

मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में सोमवार को किसान सभा के बैनर तले किसानों ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा अधिग्रहित भूमि का लंबित मुआवजा जल्द वितरित किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद किसानों ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO), YEIDA के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार, किसान सभा के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार और कोषाध्यक्ष दिवाकर सिंह के नेतृत्व में करीब 50 से 60 किसान नोएडा-आगरा निकास रैंप, बाजना के सामने नौहझील-गोमत रोड पर एकत्र हुए। किसानों ने आरोप लगाया कि भूमि अधिग्रहण के बाद भी कई किसानों को अब तक उनका पूरा मुआवजा नहीं मिल पाया है।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन से लंबित मुआवजे का जल्द भुगतान करने और किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

मौके पर नौहझील थाना पुलिस सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। थानाध्यक्ष जगदंबा सिंह ने किसानों से ज्ञापन प्राप्त कर उसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।

Previous News

बलदेव में तेज रफ्तार बाइक हादसे का शिकार! पति-पत्नी समेत तीन घायल, अस्पताल में भर्ती

Next News

ब्रेकिंग न्यूज़: कासगंज में हाईवे किनारे क्रैश हुआ प्राइवेट विमान! पायलट घायल, बड़ा हादसा टला