मथुरा के लक्ष्मीनगर उपखंड में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्हें 24 घंटे में सिर्फ 5 घंटे ही बिजली मिल रही है। नाराज लोगों ने देर रात बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लक्ष्मीनगर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। दिन-रात लगातार बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जब वे अपनी शिकायत लेकर बिजलीघर पहुंचे तो वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। लोगों का कहना है कि जेई और एसडीओ फोन तक नहीं उठाते, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिनभर काम करने के बाद रात में भी उन्हें चैन की नींद नसीब नहीं हो रही है, क्योंकि बिजली घंटों तक गुल रहती है। उनका दावा है कि यह समस्या केवल लक्ष्मीनगर तक सीमित नहीं है, बल्कि यमुनापार, वृंदावन और मथुरा शहर के कई इलाकों में भी पिछले चार-पांच दिनों से बिजली व्यवस्था बदहाल बनी हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति जल्द सुचारु करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले में बिजली विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।