मथुरा के मंडी चौराहा स्थित कालीचरण मिठाई की दुकान का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरकत में आ गया। वायरल वीडियो में दुकान के अंदर रखे घेवर पर चूहे घूमते हुए दिखाई देने के बाद विभाग ने तत्काल दुकान का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बर्फी का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दुकान में साफ-सफाई से जुड़ी कमियां भी पाई गईं, जिसके चलते संचालक को सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। साथ ही चूहों की रोकथाम और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि जांच रिपोर्ट में नमूना मानकों पर खरा नहीं उतरता है या भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही सामने आती है तो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत न्यायालय में वाद दाखिल कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार से पहले वायरल हुए इस वीडियो ने मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।