आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए मथुरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मथुरा ने थाना कोतवाली नगर और गोविंदनगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और जुलूस के निर्धारित रास्तों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों को आमजन से संवाद बनाए रखने और पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
मथुरा पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।