मथुरा के महोली रोड पर नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
दुकानदारों का आरोप है कि पूरे क्षेत्र में कई दुकानों के बाहर सीढ़ियां और अन्य अतिक्रमण मौजूद हैं, लेकिन कार्रवाई केवल दो दुकानों पर ही की गई। व्यापारियों का कहना है कि वे अतिक्रमण हटाने के विरोध में नहीं हैं, लेकिन सभी के लिए एक समान नियम लागू होने चाहिए।
एक दुकानदार ने आरोप लगाया कि नगर निगम की टीम उनकी लोहे की सीढ़ी जब्त कर ले गई और उसे वापस करने के लिए पहले 2 हजार रुपये मांगे गए। आरोप है कि बाद में 1 हजार रुपये लेकर सीढ़ी लौटाई गई।
वहीं एक अन्य दुकानदार ने बताया कि पहले उनसे 2 हजार रुपये का चालान भरने की बात कही गई, लेकिन आर्थिक स्थिति बताने पर 500 रुपये का चालान काटा गया।
दुकानदारों ने नगर निगम से कार्रवाई में पारदर्शिता और समानता बरतने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों पर नगर निगम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।