मथुरा के भूतेश्वर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 80 वर्षीय वृद्ध महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान शांति देवी (80 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय जगदीश प्रसाद, निवासी कृष्णा नगर, मथुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला किसी कारणवश रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गई थीं, जहां ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। वहीं परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
परिजनों का कहना है कि शांति देवी पिछले कुछ समय से घरेलू कलह के कारण मानसिक रूप से परेशान थीं। उनका आरोप है कि उन्होंने ट्रेन के सामने आकर आत्मघाती कदम उठाया।
फिलहाल जीआरपी पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव उन्हें सुपुर्द कर दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।