लखनऊ के दर्दनाक अग्निकांड के बाद मथुरा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र के नेतृत्व में बीएसए क्षेत्र में संचालित कोचिंग सेंटरों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। प्रशासन की अचानक हुई छापेमारी से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया और कई संचालक अपने संस्थानों पर ताला लगाकर मौके से गायब हो गए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी मानकों, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और आवश्यक एनओसी की जांच की। जांच में कई कोचिंग संस्थानों पर फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिली, जबकि कुछ स्थानों पर सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाई गई।
सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने मौके पर कार्रवाई करते हुए एक होटल और एक कोचिंग सेंटर को सील कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों में खलबली मच गई है। कई संचालक अपने दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिन संस्थानों के पास आवश्यक अनुमतियां और सुरक्षा इंतजाम नहीं होंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।