लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। इसी क्रम में कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने शहर के प्रमुख कोचिंग हब काकादेव में विशेष अभियान चलाते हुए फिजिक्स वाला (Physics Wallah) समेत 22 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है। जांच के दौरान इन संस्थानों में भवन निर्माण और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर ऐसे कोचिंग संस्थानों को चिह्नित किया, जहां आवश्यक सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान संस्थानों को खाली कराया गया और उसके बाद उन्हें सील कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे।
केडीए के अनुसार पहले चरण में 22 संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य कोचिंग सेंटरों की भी जांच की जा रही है। सील किए गए संस्थानों में फिजिक्स वाला के अलावा कई अन्य चर्चित कोचिंग संस्थानों के नाम भी शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा और भवन मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में लंबे समय से कई कोचिंग संस्थान बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहे थे, लेकिन नियमित निरीक्षण नहीं किए गए। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग सक्रिय होता है, जबकि समय-समय पर जांच होने से ऐसी स्थिति से बचा जा सकता है।
बड़ी बात यह है कि लखनऊ अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू हो गई है, जिसके तहत अब अन्य शहरों में भी इसी तरह की कार्रवाई देखने को मिल सकती है।