मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के महज एक महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पहले इसे साइलेंट अटैक से हुई सामान्य मौत बताया गया और परिजनों से जल्दबाजी में अंतिम संस्कार भी करा दिया गया, लेकिन बाद में सामने आई जानकारी ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया। अब मृतका के परिजन बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि आरोपी ससुरालीजन घर पर ताला लगाकर फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सीहोर निवासी राजवीर सिंह ने अपनी 25 वर्षीय पुत्री एकता का विवाह 28 अप्रैल को थाना हाईवे क्षेत्र निवासी अंकित के साथ धूमधाम से किया था। परिजनों का कहना है कि शादी में लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे। मृतका के पिता के मुताबिक 9 जून को उनके समधी संतोष का फोन आया और बताया गया कि एकता की तबीयत खराब है। कुछ देर बाद दोबारा फोन कर कहा गया कि एकता की साइलेंट अटैक से मौत हो गई है और वे सीधे घर पहुंच जाएं।
परिजन इसे सामान्य मौत मानकर अंतिम संस्कार कर देते हैं, लेकिन बाद में ससुराल के पड़ोसियों से मिली जानकारी ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए। पड़ोसियों ने बताया कि एकता के गले और शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे। यह सुनकर मृतका के परिजन स्तब्ध रह गए और उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। एसएसपी श्लोक कुमार से मुलाकात के बाद थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज किया गया।
मृतका के पिता राजवीर सिंह का आरोप है कि दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई और मौत को प्राकृतिक बताकर उन्हें गुमराह किया गया। उनका कहना है कि सच्चाई छिपाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार भी करा दिया गया। वहीं मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी पक्ष घर पर ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस अब मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।