वृंदावन के मोतीझील स्थित प्राचीन भैरव मंदिर में सोमवार को भैरव अष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और बाबा भैरव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पर्व के अवसर पर बटुक भैरव का विधि-विधान के साथ महाअभिषेक किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल कामना की। मंदिर के सेवायत भैरव पंडित ने बताया कि भैरव अष्टमी का यह पर्व क्षेत्र की आस्था और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है।
धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला के तहत शाम को ठाकुरजी का भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा। रंग-बिरंगे पुष्पों से सुसज्जित यह विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इसके अलावा बाबा भैरव को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण भक्तों में किया जाएगा। पर्व को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर दिखाई दे रहा है।