वृंदावन के यमुना खादर क्षेत्र में जमीन को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। प्रेमानंद महाराज के शिष्य साधु बालकृष्ण दास ने आरोप लगाया है कि वैधानिक रजिस्ट्री होने के बावजूद उनसे रंगदारी मांगी जा रही है और निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार रांधेरा गांव निवासी साधु बालकृष्ण दास ने अपनी पत्नी पूजा देवी के नाम पर खादर क्षेत्र के खसरा नंबर 50/1 में 200 वर्ग गज जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। साधु का कहना है कि वह अपनी भूमि पर गौशाला निर्माण के लिए चाहरदीवारी करा रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले एक दंपती ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।
पीड़ित साधु का आरोप है कि दंपती ने जमीन को सरकारी बताते हुए निर्माण जारी रखने के बदले 5 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। साथ ही पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और काम बंद कराने की धमकी भी दी गई।
साधु बालकृष्ण दास ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो जमीन खरीदने वाले लोगों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करता है। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर उनके गुरु प्रेमानंद महाराज के प्रति भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
पीड़ित साधु ने जमीन की रजिस्ट्री सहित अन्य दस्तावेज अधिकारियों को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामला प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में है और जांच की मांग की जा रही है।