मथुरा-वृंदावन मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ससुराल से पत्नी और बच्चों को विदा कराकर घर ले जाने आए युवक की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गुस्साए परिजनों ने शव को पुलिस चौकी पर रखकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र की भार्गव गली, केशवपुरा निवासी आजाद अपनी पत्नी और बच्चों को लेने के लिए बिरला मंदिर क्षेत्र स्थित ससुराल आया था। रविवार शाम उसकी पत्नी बबली घर जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान आजाद परिवार को ले जाने के लिए मथुरा-वृंदावन मार्ग पर कृष्णापुरम के पास टेंपो लेने पहुंचा।
बताया जा रहा है कि तभी आगरा नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल आजाद को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का कहना है कि आजाद कबाड़ की फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चार छोटे बच्चे हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। इलाज के लिए परिजन रातभर पैसों का इंतजाम करते रहे, लेकिन आखिरकार आजाद जिंदगी की जंग हार गया।
युवक की मौत से नाराज परिजनों ने बिरला मंदिर पुलिस चौकी पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पल में पूरे परिवार की दुनिया उजड़ गई और चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।