राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित री-NEET (UG)-2026 परीक्षा रविवार को मथुरा जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा।
परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बीएसए कॉलेज (बाबू शिवनाथ अग्रवाल डिग्री कॉलेज) पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ब्लॉक-ए, ब्लॉक-बी और ब्लॉक-सी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनपद के सभी छह परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 3380 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3066 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 314 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सकी। परीक्षा समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और केंद्र व्यवस्थापकों के सहयोग की सराहना की।