जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई से आई अकासा एयर की एक फ्लाइट में बम होने की धमकी वाला नोट मिलने की सूचना सामने आई। फ्लाइट के श्रीनगर पहुंचने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान को जांच के घेरे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार अकासा एयर की मुंबई-श्रीनगर उड़ान में लैंडिंग के बाद एक संदिग्ध नोट मिला, जिसमें बम होने का जिक्र किया गया था। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और विमान की विस्तृत तलाशी शुरू कर दी गई। बम निरोधक दस्ते, सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट अधिकारियों ने संयुक्त रूप से विमान और यात्रियों के सामान की जांच की।
कई घंटे तक चली सघन जांच के बाद विमान में किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने इस धमकी को फर्जी (Hoax) घोषित कर दिया। हालांकि मामले को गंभीरता से लेते हुए नोट लिखने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना के चलते कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर सुरक्षा गतिविधियां बढ़ा दी गईं, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी धमकी को हल्के में नहीं लिया जा सकता।