Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 21 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
कर्णप्रयाग विवाद की आंच अब रुद्रप्रयाग तक, गुरुद्वारे की छत पर चढ़े निहंग, बढ़ाई गई सुरक्षा

उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में निहंग सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद अब रुद्रप्रयाग में भी तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। शनिवार को कुछ निहंग पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक शस्त्रों के साथ एक गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने निहंगों से बातचीत कर उन्हें शांतिपूर्वक नीचे उतरने के लिए समझाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गुरुद्वारे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

प्रशासन के अनुसार, घटना के दौरान किसी प्रकार की हिंसा या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि हाल ही में कर्णप्रयाग में हुए विवाद के मद्देनजर मामले को संवेदनशील मानते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। रुद्रप्रयाग में 30 से 40 पुलिसकर्मियों के साथ आईटीबीपी के जवानों को भी तैनात किया गया है।

उधर, कर्णप्रयाग में निहंग सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद की जांच के आदेश भी उत्तराखंड सरकार ने दे दिए हैं। सरकार ने साफ किया है कि मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

Previous News

रमनरेती आश्रम में योग दिवस का भव्य आयोजन, संतों और गुरुकुल छात्रों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

Next News

जमीन के बंटवारे ने छीनी पिता की जान, बेटे ने फावड़े से वार कर उतारा मौत के घाट