महावन स्थित प्रसिद्ध रमनरेती आश्रम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुरुकुल के छात्रों, संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग सप्ताह के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक नीरज अरोरा ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" जीवन के प्रत्येक चरण में स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने का संदेश देती है।
आश्रम के मीडिया प्रभारी स्वामी हरदेवानंद जी महाराज ने कहा कि भजन, साधना और आध्यात्मिक जीवन में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाने वाली एक प्रभावी साधना है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और मानसिक शांति प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में आश्रम के स्वामी गोविन्दानंद जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर नायब तहसीलदार मीनू सिंह एवं लेखपाल सुरेश राय ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
योग दिवस के अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने नियमित रूप से योग करने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। पूरे आश्रम परिसर में आध्यात्मिक वातावरण के बीच योग और स्वास्थ्य का संदेश गूंजता रहा।